Date: 29/06/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

अनियंत्रित हाइवा ने मचाई तबाही, कई वाहनों को कुचलते हुए घर में घुसी कार

6/28/2026 11:59:15 AM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर के बिरसा नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोन नंबर-1 में देर रात करीब 2 बजे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा ने जमकर तबाही मचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाइवा पहले सड़क किनारे खड़ी एक पल्सर और एक बुलेट बाइक को कुचलते हुए आगे बढ़ी, जिसके बाद उसने घर के बाहर खड़ी एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। घटना के समय घर के सभी सदस्य अंदर सो रहे थे। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई और न ही परिवार का कोई सदस्य घायल हुआ। हालांकि, मकान की दीवार, कार और अन्य वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे परिवार और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाइवा चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। हादसे के बाद जब लोगों ने चालक को पकड़ने की कोशिश की तो वह हाइवा मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बिरसा नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हाइवा को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस चालक की तलाश में जुट गई है। वहीं, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित मुआवजा और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए शिवम् मिश्रा की रिपोर्ट