Date: 30/06/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गया पहुंचे केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे, तेजस्वी यादव पर बोला हमला; कहा- बिहार में उनकी बात का कोई महत्व नहीं

6/30/2026 11:48:50 AM IST

24
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे शुक्रवार को गया पहुंचे। गया एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के हालिया बयान पर तीखा पलटवार किया। इसके बाद वे शेरघाटी में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हो गए, जहां वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जीवनी पर युवाओं को संबोधित करेंगे। गया एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने तेजस्वी यादव के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर लालू प्रसाद यादव भाजपा से हाथ मिला लेते तो "चारा घोटाला नहीं, भाईचारा हो जाता।" इस पर दुबे ने कहा कि तेजस्वी यादव के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है और वे सिर्फ राजनीतिक चर्चा में बने रहने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार की जनता ने उन्हें एक सीट ज्यादा दे दी, नहीं तो वे विपक्ष में बैठने लायक भी नहीं रहते। उन्होंने दावा किया कि बिहार और देश में उनकी बातों को कोई गंभीरता से नहीं लेता और ऐसे बयानों से कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। वहीं, रिशु श्री से जुड़े कथित घोटाले और अधिकारियों की संलिप्तता के सवाल पर मंत्री ने कहा कि मामले की जांच जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा। मीडिया से बातचीत के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे शेरघाटी के लिए रवाना हो गए, जहां वे संगठन के कार्यक्रम में शामिल होकर युवाओं को संबोधित करेंगे।
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट