Date: 28/08/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

400 फीट ऊंची पहाड़ी पर विराजमान माँ काली, विकास की राह देख रहा धार्मिक स्थल

7/3/2026 3:33:03 PM IST

98
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
धनबाद: गोंडूडीह ओपी क्षेत्र के खास कुसुंडा एरिया-6 में बीसीसीएल के ओवरबर्डन (ओबी) डंप से बनी करीब 400 फीट ऊंची पहाड़ी पर स्थित माँ पहाड़ी काली मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। इसी पहाड़ी पर विकसित वृंदावन ईको पार्क अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के लिए भी जाना जाता है। यहां से पूरे धनबाद का विहंगम दृश्य देखने को मिलता है, जो इसे धार्मिक के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से भी खास बनाता है। चैत्र और शारदीय नवरात्र, काली पूजा, दीपावली और अमावस्या के अवसर पर यहां हजारों श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। लेकिन मंदिर तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं, खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साथ ही प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग और नियमित रख-रखाव जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। स्थानीय लोगों और मंदिर समिति ने बीसीसीएल, जिला प्रशासन और राज्य सरकार से मंदिर और वृंदावन ईको पार्क के समग्र विकास की मांग की है। उनका कहना है कि यदि यहां बेहतर सड़क और पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाएं, तो यह स्थल धनबाद ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड का प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र बन सकता है।
 
कोयलांचल लाइव के लिए धनबाद से दीपक की रिपोर्ट