Date: 06/07/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गांव में देर रात हाथियों ने मचाया उत्पात, वन विभाग और बिजली व्यवस्था पर उठे सवाल

7/5/2026 3:19:36 PM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद के पश्चिमी टुंडी क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। भोजन की तलाश में पहाड़ों से उतरकर गांवों में पहुंच रहे हाथी घरों, फसलों और पेड़ों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ताजा मामला मनियाडीह थाना क्षेत्र के मनियाडीह गांव का है, जहां शनिवार देर रात हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। देर रात जंगली हाथियों का झुंड मनियाडीह गांव पहुंचा और राजेंद्र अग्रवाल की चहारदीवारी को तोड़ दिया। हाथियों ने खेतों में लगी फसलों को रौंद दिया और कई पेड़ों को भी नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों के शोर मचाने के बाद हाथियों का झुंड वापस पहाड़ की ओर लौट गया, लेकिन पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय बिजली आपूर्ति बाधित रहने से गांव अंधेरे में डूब जाता है। इसी का फायदा उठाकर हाथियों का झुंड गांव में प्रवेश कर जाता है। लोगों ने बिजली विभाग से संपर्क भी किया, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं मिला। लगातार हो रही घटनाओं के कारण ग्रामीण रातभर जागकर अपने घरों और खेतों की निगरानी करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से टुंडी पहाड़ पर हाथियों का झुंड डेरा डाले हुए है, लेकिन वन विभाग की ओर से उन्हें जंगल की ओर खदेड़ने या स्थायी समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने, प्रभावित गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बिजली विभाग से रात के समय निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल हाथियों के लगातार गांव में पहुंचने से पश्चिमी टुंडी के कई गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि वन विभाग और प्रशासन जल्द ठोस कदम उठाएंगे, ताकि जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क