Date: 10/07/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

ददई दुबे की प्रथम पुण्यतिथि पर गिरिडीह में हुआ  श्रद्धांजलि सभा, मजदूर हितों के संघर्ष को किया याद

7/10/2026 2:59:03 PM IST

13
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Giridih : भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ (रा.को.म.स.) के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष, पूर्व सांसद और झारखंड के पूर्व श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री स्वर्गीय चंद्रशेखर दुबे 'ददई दुबे' की प्रथम पुण्यतिथि पर शुक्रवार को गिरिडीह स्थित सीसीएल राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ कार्यालय के समीप श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता रा.को.म.स. (इंटक) सीसीएल गिरिडीह क्षेत्र के अध्यक्ष अधिवक्ता ऋषिकेश मिश्रा ने की, जबकि संचालन राहुल विश्वकर्मा ने किया। सभा में बड़ी संख्या में कोयला मजदूरों, असंगठित श्रमिकों और यूनियन पदाधिकारियों ने ददई दुबे के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। सभा को संबोधित करते हुए ऋषिकेश मिश्रा ने कहा कि ददई दुबे का पूरा जीवन मजदूरों, किसानों और वंचित वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने सेना से लेकर सांसद और झारखंड सरकार में श्रम मंत्री तक का सफर तय किया, लेकिन हमेशा श्रमिकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में इंटक देश के सबसे बड़े केंद्रीय श्रमिक संगठनों में शामिल हुआ और उन्होंने कोयला मजदूरों की समस्याओं को सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से उठाया। सभा में उपस्थित नेताओं और श्रमिकों ने ददई दुबे के संघर्ष, ईमानदारी और श्रमिक हितों के प्रति समर्पण को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क