Date: 10/07/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

धनबाद नगर निगम की नई पहल, हर वार्ड में 13 सफाईकर्मी और 75 सदस्यीय क्विक रिस्पॉन्स टीम तैनात

7/10/2026 6:30:15 PM IST

26
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए नई रणनीति लागू की है। अब निगम के सभी वार्डों में 13-13 सफाई कर्मियों की टीम तैनात की गई है। इसके अलावा कचरा जमा होने या विशेष परिस्थितियों में तत्काल सफाई के लिए 75 सदस्यीय क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) भी बनाई गई है। वहीं मानसून को देखते हुए नालों और जल निकासी की सफाई के लिए पांचों अंचलों में अलग-अलग डेडिकेटेड टीमें भी काम कर रही हैं। नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने बताया कि पार्षदों की मांग और बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद प्रत्येक वार्ड में 13-13 सफाई कर्मियों की टीम बनाई गई है। लंबे समय से सफाई कर्मियों की संख्या नहीं बढ़ने के कारण निगम क्षेत्र में कमी महसूस की जा रही थी। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों की आबादी समान नहीं है। कहीं 15 हजार तो कहीं 10 हजार की आबादी है, लेकिन सभी वार्डों में समान रूप से 13-13 सफाई कर्मी तैनात किए गए हैं। ऐसे में यदि किसी वार्ड में कचरा अधिक जमा हो जाता है या किसी विशेष कार्यक्रम के कारण अतिरिक्त सफाई की जरूरत पड़ती है तो वहां क्यूआरटी को भेजा जाएगा। नगर आयुक्त ने बताया कि क्यूआरटी को संबंधित सिटी मैनेजर और सहायक नगर आयुक्त आवश्यकता के अनुसार तैनात करेंगे, ताकि कम समय में सफाई कराई जा सके। मानसून के दौरान जलभराव और नालों की सफाई को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम ने पांचों अंचलों में 15-15 कर्मियों की अलग डेडिकेटेड टीम भी बनाई है। ये टीमें नालों, और जल निकासी मार्गों की नियमित सफाई कर रही हैं। जरूरत पड़ने पर क्यूआरटी को भी इस कार्य में लगाया जाएगा।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क