Date: 14/07/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पुलिस की बड़ी सफलता, 50 हजार का इनामी टॉप-10 अपराधी टिंकू सिंह गिरफ्तार
 

7/12/2026 5:26:26 PM IST

37
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
गया: गया पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कई संगीन मामलों में वांछित और 50 हजार रुपये के इनामी टॉप-10 अपराधी टिंकू सिंह उर्फ टिंकू कुमार उर्फ चौथा उर्फ सत्यनारायण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में इनामी और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि टिंकू सिंह परैया थाना क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने तत्काल छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान टिंकू सिंह उर्फ टिंकू कुमार उर्फ चौथा उर्फ सत्यनारायण सिंह, निवासी ईश्वर सिंह, थाना मुफस्सिल, जिला गया के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह कई गंभीर आपराधिक मामलों में फरार चल रहा था। उसकी संलिप्तता न्यू अबगिला पहाड़तल्ली फायरिंग कांड में भी सामने आई है। इस मामले में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। गया पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और वांछित अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना है।
 
कोयलांचल लाइव के लिए गया से मनोज कुमार की रिपोर्ट