Date: 18/07/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

धनबाद क्लब की जमीन पर जिला परिषद का दावा, 4.95 एकड़ भूमि को बताया अपनी संपत्ति

7/18/2026 11:41:40 AM IST

28
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद क्लब की करीब 4.95 एकड़ जमीन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। जिला परिषद ने इस जमीन पर अपना दावा ठोकते हुए डीसीएलआर कोर्ट में मामला दायर किया है। परिषद का कहना है कि हीरापुर मौजा के खाता नंबर 140 की पूरी 117.11 एकड़ जमीन जिला परिषद के नाम दर्ज है और धनबाद क्लब उसी का हिस्सा है। यदि कोर्ट में दावा सही साबित होता है तो क्लब से किराया भी वसूला जाएगा। जिला परिषद की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि झारभूमि पोर्टल पर हीरापुर मौजा के खाता नंबर 140 के तहत दर्ज 117.11 एकड़ जमीन जिला परिषद के नाम है। इसी खाते में आने वाले करीब 4.95 एकड़ भूखंड पर धनबाद क्लब बना हुआ है। परिषद का दावा है कि यह भूमि उसकी संपत्ति है और इस पर उसका वैधानिक अधिकार है। सिर्फ धनबाद क्लब ही नहीं, बल्कि इसी खाते में यूनियन क्लब, आईएमए भवन, कला भवन, जिला कारागार और राजेंद्र सरोवर जैसी महत्वपूर्ण संस्थाओं की जमीन भी शामिल बताई गई है। यूनियन क्लब की लीज से जुड़ा मामला पहले से ही डीसी कोर्ट में लंबित है। जिला परिषद की अध्यक्ष शारदा सिंह का कहना है कि परिषद के पास इस दावे से जुड़े सभी दस्तावेज मौजूद हैं। यदि डीसीएलआर कोर्ट में परिषद का दावा सिद्ध हो जाता है तो धनबाद क्लब सहित संबंधित संस्थानों से जमीन का किराया तय कर वसूला जाएगा। उन्होंने कहा कि परिषद अपनी सभी संपत्तियों को चिन्हित कर ऑनलाइन रिकॉर्ड तैयार कर रही है, ताकि भविष्य में उनकी सुरक्षा और बेहतर प्रबंधन हो सके। शारदा सिंह ने यह भी कहा कि जिला परिषद अपनी आय बढ़ाकर आर्थिक रूप से मजबूत बनना चाहती है, जिससे पंचायतों में विकास कार्यों को और प्रभावी ढंग से किया जा सके। उनका आरोप है कि सरकार से मिलने वाली राशि किस्तों में आने के कारण विकास कार्य प्रभावित होते हैं, इसलिए परिषद अपने संसाधनों को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। अब सबकी निगाहें डीसीएलआर कोर्ट के फैसले पर टिकी हैं। यदि जिला परिषद का दावा स्वीकार होता है तो धनबाद क्लब समेत कई संस्थानों की जमीन की स्थिति और उनके भुगतान संबंधी व्यवस्थाओं पर बड़ा असर पड़ सकता है।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क