Date: 18/07/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

लोकल सेल डीओ नहीं मिलने पर भड़के मजदूर, मुराईडीह कोलियरी का काम ठप

7/18/2026 12:16:44 PM IST

11
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद के बीसीसीएल बरोरा एरिया-1 स्थित मुराईडीह कोलियरी में लोकल सेल के लिए डीओ (डिलीवरी ऑर्डर) जारी नहीं होने से असंगठित मजदूरों का आक्रोश फूट पड़ा। तीन महीने से डीओ ऑफर बंद होने के विरोध में मजदूरों ने प्रदर्शन करते हुए कोलियरी का काम ठप करा दिया। उनका कहना है कि लोकल सेल के जरिए होने वाली कोयला लोडिंग ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है, लेकिन डीओ बंद होने से सैकड़ों परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। मुराईडीह कोलियरी में बड़ी संख्या में असंगठित मजदूर लोकल सेल के तहत ट्रकों में कोयला लोडिंग का काम करते हैं। प्रदर्शनकारी मजदूरों ने कोलियरी परिसर में नारेबाजी करते हुए बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और कामकाज रोक दिया। मजदूरों का आरोप है कि पिछले तीन महीनों से लोकल सेल के लिए डीओ जारी नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि एक ओर ट्रकों के लिए डीओ बंद है, जबकि दूसरी ओर रैक के माध्यम से लगातार कोयले की आपूर्ति की जा रही है। इससे उनकी रोज़ी-रोटी पर सीधा असर पड़ा है। प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने कहा कि डीओ ऑफर शुरू नहीं होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और कोलियरी का काम भी बाधित रहेगा। उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन से जल्द समाधान निकालने की मांग की है। मजदूरों के आंदोलन से मुराईडीह कोलियरी का काम प्रभावित हुआ है। अब सभी की नजर बीसीसीएल प्रबंधन के अगले कदम पर टिकी है कि मजदूरों की मांगों पर क्या निर्णय लिया जाता है।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क