Date: 21/07/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 
 पुनर्वास और सुरक्षा की मांग को लेकर ग्रामीणों ने परियोजना का किया चक्का जाम,कहा.....

7/21/2026 8:09:30 PM IST

11
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Baghmara : बाघमारा के बीसीसीएल ब्लॉक टू अंतर्गत एबीओसीपी परियोजना में कल से कोयला उत्पादन और डिस्पैच का काम पूरी तरह से ठप हो गया है। विस्थापन, पुनर्वास, नियोजन और सुरक्षा से जुड़े चार दशक पुराने लंबित मुद्दों को लेकर केसरगढ़ बस्ती के ग्रामीणों ने परियोजना का चक्का जाम कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।चार दशकों से पुनर्वास और नियोजन का इंतजार कर रहे केसरगढ़ बस्ती के ग्रामीणों का सब्र अब जवाब दे चुका है। बीसीसीएल प्रबंधन की कार्यशैली से परेशान होकर केसरगढ़ बस्ती विस्थापित संघर्ष मोर्चा के बैनर तले ग्रामीणों ने 14 नंबर के पास अंधामोड़ पर चक्का जाम कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।ग्रामीणों का आरोप है कि बीसीसीएल की अदूरदर्शी नीतियों के कारण पूरा गांव भूमिगत आग और भू-धंसान की चपेट में है। खदान में होने वाली भारी ब्लास्टिंग से घरों में दरारें आ चुकी हैं और जमीन फटने से मीथेन व अन्य जहरीली गैसों के फवारे छूट रहे हैं। इतना ही नहीं, मुख्य मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और भारी वाहनों की आवाजाही से स्कूली बच्चों व आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। पीने के पानी के स्रोत भी दूषित हो चुके हैं।केसरगढ़ बस्ती विस्थापित संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष ​दिवाकर महथा ने बताया कि हम लोग केसरगढ़ के विस्थापित ग्रामीण कल से धरना पर बैठे हैं। हमारी एकमात्र मांग यही है कि हमारे जान-माल की सुरक्षा की जाए। हमारा गांव पूरी तरह भूमिगत आग की चपेट में आ चुका है, जमीन फटने लगी है और घरों में दरारें आ चुकी हैं। प्रबंधन को कई बार पत्राचार किया गया, लेकिन उनका रवैया उदासीन रहा। चार दशकों से यह मामला अटका हुआ है। जब तक ग्रामीणों का सुरक्षित पुनर्वास नहीं किया जाता, तब तक हम आंदोलनरत रहेंगे और बीसीसीएल की बरगलाने वाली नीति में नहीं आएंगे।
​ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि जब तक प्रबंधन उनके विस्थापन, सुरक्षित पुनर्वास और रोजगार को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लेता, तब तक परियोजना का काम ठप रहेगा और आंदोलन अनिश्चितकाल के लिए जारी रहेगा।
 
बाघमारा से कोयलांचल लाइव के लिए कशी नाथ रवानी की रिपोर्ट