Date: 24/07/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

तेज रफ्तार कार ने 5 लोगों को मारी टक्कर, दुकान में घुसी; इलाज के लिए 8 लाख की जरूरत, सड़क जाम

7/23/2026 5:20:31 PM IST

42
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित डीबी रोड पर तेज रफ्तार मारुति अर्टिगा कार ने पांच लोगों को टक्कर मार दी और फिर एक दुकान में जा घुस गई। हादसे में प्रेम महतो गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चार अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं। हादसे के करीब 12 घंटे बाद भी प्रेम महतो का इलाज टीएमएच में जारी है। परिजनों का आरोप है कि इलाज के लिए करीब 8 लाख रुपये की आवश्यकता बताई गई है, लेकिन उनके पास इतनी राशि नहीं है। इसी को लेकर परिजन बागबेड़ा थाना पहुंचे और पुलिस से दुर्घटना में शामिल चालक को जल्द गिरफ्तार करने तथा मुआवजा दिलाने की मांग की, ताकि घायल का इलाज कराया जा सके। परिजनों का यह भी आरोप है कि पुलिस की ओर से उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस की अतिरिक्त टीम और लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी मौके पर पहुंचे। फिलहाल अधिकारी परिजनों से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए शिवम मिश्रा की रिपोर्ट