Date: 04/08/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 
जामताड़ा एनकाउंटर: जेल शिफ्टिंग के दौरान भागने की कोशिश में कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा ढेर
 

8/3/2026 11:57:22 AM IST

41
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

जामताड़ा: झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा रविवार देर रात जामताड़ा में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के अनुसार, उसे साहिबगंज जेल से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपायडीह पंचायत स्थित मेला डंगाल गांव के पास पुलिस वाहन का टायर पंक्चर हो गया। पुलिस का दावा है कि वाहन रुकने का फायदा उठाकर सुजीत सिन्हा ने एक पुलिस जवान का हथियार छीन लिया और भागने की कोशिश की। इस दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग भी की। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें सुजीत सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि गैंगस्टर सुजीत सिन्हा को सुरक्षित धनबाद जेल ले जाया जा रहा था। रास्ते में उसने पुलिस जवान का हथियार छीनकर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसकी मौत हो गई। सुजीत सिन्हा झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर माना जाता था। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, फायरिंग समेत कई गंभीर अपराधों के मामले राज्य के विभिन्न थानों में दर्ज थे।

 

जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए  निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट