गया: गया जिले के डोभी प्रखंड अंतर्गत बजौरा गांव निवासी मुरली मनोहर लाल ने जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है। उन्होंने डोभी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही डोभी थानाध्यक्ष पर भी आरोप लगाया है कि उनकी कथित रूप से आरोपितों से मिलीभगत है। मुरली मनोहर लाल ने बताया कि उन्होंने अपनी जमीन कोयला डिपो के लिए किराये पर दी थी। उनका आरोप है कि जमीन किराये पर लेने वाले लोग अब दबंगई दिखा रहे हैं, छह महीने से किराया नहीं दे रहे हैं और उल्टे उन्हें धमका रहे हैं। पीड़ित के अनुसार, 27 जुलाई को उन्होंने डोभी थाना में दी गई लिखित शिकायत में बताया कि बजौरा स्थित उनके घर के पास कोयला डिपो के लिए जमीन किराये पर दी गई थी। उनका आरोप है कि जमीन किराये पर लेने वाले सुमन कुमार यादव (नारायण नगर, नौरंगा), धनंजय कुमार और रितिक कुमार यादव ने उनके घर के रास्ते पर वाहन खड़ा कर दिया था। जब उन्होंने उनसे वाहन निर्धारित (एलॉटेड) स्थान पर लगाने और एग्रीमेंट के अनुसार छह महीने का बकाया किराया देने को कहा, तो आरोपितों ने उनके साथ गाली-गलौज की। मुरली मनोहर लाल का आरोप है कि वह किसी तरह अपने घर के अंदर चले गए, लेकिन कुछ देर बाद आरोपित हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुस आए, उनके साथ मारपीट की, नगदी छीन ली और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि जब इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए डोभी थाना पहुंचे, तो थानाध्यक्ष समझौता करने का दबाव बनाने लगे। उनका आरोप है कि थानाध्यक्ष के व्यवहार से ऐसा प्रतीत हुआ कि यदि उन्होंने समझौता नहीं किया तो उन्हें एससी-एसटी एक्ट के मामले में फंसा दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आपराधिक तत्वों और थानाध्यक्ष के बीच मिलीभगत प्रतीत होती है।मुरली मनोहर लाल ने बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विकास वैभव से की है। उन्होंने कथित आरोपितों के साथ-साथ डोभी थानाध्यक्ष के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।उन्होंने बताया कि आईजी ने मामले का संज्ञान लेते हुए डोभी थानाध्यक्ष से सात दिनों के भीतर रिपोर्ट तलब की है। मुरली मनोहर लाल ने उम्मीद जताई कि आईजी के हस्तक्षेप के बाद उन्हें न्याय मिलेगा और आरोपितों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने डोभी थानाध्यक्ष को बर्खास्त करने की भी मांग की है।
गया कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़