Date: 07/08/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

वीकेएसयू के नूतन परिसर में एनएसएस के तत्वावधान में वृक्षारोपण, कुलपति ने किया शुभारंभ

8/6/2026 6:26:42 PM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
आरा: पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के निर्माण के उद्देश्य से वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के नूतन परिसर में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के बैनर तले वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शैलेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. चतुर्वेदी ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण पूरी मानवता की साझा जिम्मेदारी है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना और उनका संरक्षण करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का भी महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षकों, पदाधिकारियों, एनएसएस स्वयंसेवकों तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने नूतन परिसर में फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर परिसर को हराभरा बनाने का संकल्प लिया। पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के नियमित संरक्षण एवं देखभाल की जिम्मेदारी भी स्वयंसेवकों ने लेने का संकल्प व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि शुद्ध वायु, स्वच्छ वातावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी इस तरह के पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करने की बात कही। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
 
कोयलांचल लाइव के लिए आरा से आशुतोष की रिपोर्ट