Date: 18/08/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

छात्र आंदोलन पर कांग्रेस का बड़ा बयान, राजू बोले- जायज मांगों को नजरअंदाज नहीं कर सकते
 

8/17/2026 6:51:57 PM IST

36
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
रांची: झारखंड में जारी छात्र आंदोलन को लेकर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू ने सरकार से छात्रों की जायज मांगों का जल्द समाधान करने की अपील की है। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनकी मांगों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
 
के. राजू ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर छात्रों की समस्याओं को उठाया गया था। इसके बाद सरकार ने उच्चस्तरीय मंत्रिमंडलीय समिति का गठन किया। उन्होंने दावा किया कि छात्रों की करीब 90 प्रतिशत मांगों पर सहमति बन चुकी है और जल्द ही बाकी जायज मांगों का भी समाधान होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भी छात्रों के मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाया है। कांग्रेस का स्पष्ट मानना है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार होना चाहिए और ऐसी प्रभावी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए, जिससे पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
 
केंद्र पर भी कांग्रेस का हमला-
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने केंद्र सरकार पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र पर झारखंड का करीब 1.36 लाख करोड़ रुपये बकाया है। इसे लेकर 18 अगस्त को पार्टी की बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी।
वहीं विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने खान एवं खनिज (संशोधन) विधेयक, 2026 को संघीय ढांचे पर प्रहार बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी 18 अगस्त को तय करेगी कि इस मुद्दे पर जिला और राज्य स्तर पर किस स्वरूप में आंदोलन किया जाएगा।
 
कोयलांचल लाइव के लिए रांची से प्रशांत की रिपोर्ट