Date: 20/08/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

अतरी विधायक रोमित कुमार ने किया स्कूल का औचक निरीक्षण, बच्चों के साथ बैठकर किया मध्याह्न भोजन

8/20/2026 12:52:06 PM IST

57
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya: बिहार के गया जिले के नीमचक बथानी से एक अच्छी और प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। अतरी विधायक रोमित कुमार ने एक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया और बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन किया। विधायक के इस अंदाज की तस्वीर अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। विद्यालय पहुंचने के बाद विधायक ने सबसे पहले उपस्थिति पंजी की जांच की। इसके बाद उन्होंने स्कूल में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं के साथ-साथ बुनियादी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्था और बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विधायक बच्चों के बीच पहुंचे और उनके साथ बैठकर मध्याह्न भोजन किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत की और पढ़ाई, शिक्षकों की उपस्थिति तथा स्कूल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। विधायक रोमित कुमार ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में नियमित निरीक्षण के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। विधायक ने विद्यालय की समस्याओं की भी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए शिक्षा व्यवस्था में लगातार सुधार जरूरी है। विधायक के बच्चों के साथ बैठकर भोजन करने की तस्वीर सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही है। स्थानीय लोगों ने इसे सकारात्मक पहल बताते हुए इसकी सराहना की है।
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट