Date: 20/08/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

JSSC-JPSC भर्ती मामले में हाईकोर्ट के फैसले का BJP-AJSU ने किया स्वागत, सरकार पर साधा निशाना

8/20/2026 12:52:06 PM IST

31
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Ranchi :झारखंड में JSSC, JPSC समेत अन्य भर्तियों को रद्द किए जाने के सरकार के आदेश पर हाईकोर्ट के फैसले के बाद सियासत तेज हो गई है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू  ने हाईकोर्ट के निर्णय का स्वागत करते हुए राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों की वजह से झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। बीजेपी ने सवाल उठाया कि अगर सरकार की मंशा साफ है तो वह सीबीआई जांच से पीछे क्यों हट रही है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड के बच्चों के भविष्य और उनकी नौकरियों के साथ अन्याय किया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में बाहरी अभ्यर्थियों को लाभ पहुंचाने और भ्रष्टाचार की आशंका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। हालांकि, इन आरोपों पर सरकार की ओर से प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
वहीं, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने भी हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर झारखंड के युवाओं के साथ धोखा किया है। युवाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों मेहनत और समय लगाया, लेकिन भर्ती प्रक्रिया में विवाद और अनिश्चितता ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है।सुदेश महतो ने कहा कि सरकार को युवाओं के हित में पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाना चाहिए, ताकि राज्य के बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ किसी तरह का खिलवाड़ न हो। हाईकोर्ट के फैसले के बाद अब JSSC-JPSC समेत अन्य भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर सरकार की अगली कार्रवाई पर सबकी नजर है। वहीं विपक्ष लगातार पूरे मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहा है।
 
रांची से कोयलांचल लाइव के लिए प्रशांत जयवर्धन के साथ अविनाश सिंह की रिपोर्ट