Date: 23/08/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

  • रक्षाबंधन पर सैनिक भाइयों को खास तोहफा, गया की छात्राएं बना रहीं 1000 से ज्यादा राखियां
    •  

    8/23/2026 1:00:13 PM IST

    24
    कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

    गया : आईआईटियन की नगरी के नाम से मशहूर गया की पटवा टोली में रक्षाबंधन को लेकर खास तैयारियां चल रही हैं। यहां आईआईटी, जेईई और नीट की तैयारी करने वाली छात्राएं अपने हाथों से विशेष राखियां तैयार कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए छात्राओं ने तिरंगे वाली स्पेशल राखी बनाई है, जबकि देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के लिए भारतीय सेना के एंब्लम वाली 1,000 से अधिक राखियां तैयार की जा रही हैं। छात्राएं पिछले एक सप्ताह से मोतियों, सितारों, नग और रंग-बिरंगे कांच के मोतियों से राखियां बना रही हैं। उनका कहना है कि सीमा पर तैनात सैनिक रक्षाबंधन के दिन भी देश की रक्षा के लिए ड्यूटी पर तैनात रहते हैं और कई बार अपनी बहनों के पास नहीं पहुंच पाते। ऐसे में इन राखियों के जरिए वे सैनिक भाइयों तक बहन का प्यार और सम्मान पहुंचाना चाहती हैं। आईआईटी की तैयारी कर रहीं छात्रा शोभा कुमारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए पहली बार तिरंगे वाली विशेष राखी तैयार की गई है। वहीं, सैनिकों के लिए भारतीय सेना के एंब्लम वाली राखियां बनाई जा रही हैं। छात्रा रिया कुमारी ने कहा कि सैनिक भले ही उनके सगे भाई नहीं हैं, लेकिन देश की रक्षा करने वाले जवान हर भारतीय बहन के लिए भाई के समान हैं। उन्हें राखी भेजना उनके लिए गर्व और खुशी की बात है। पटवा टोली में आईआईटी, जेईई और नीट की नि:शुल्क तैयारी कराने वाली वृक्ष वी द चेंज संस्था के फाउंडर चंद्रकांत पटवारी ने बताया कि छात्राएं दिन-रात मेहनत कर राखियां तैयार कर रही हैं। सैनिकों के लिए राखियां डाक के माध्यम से अलग-अलग आर्मी कैंपों में भेजी जाएंगी, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए तैयार तिरंगे वाली राखी पीएमओ कार्यालय भेजी जाएगी। बुनकरों की इस नगरी से अब तक बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इंजीनियर बनकर देश-विदेश में नाम कमा चुके हैं। अब यही बेटियां अपनी मेहनत और भावनाओं से सैनिक भाइयों के लिए राखियां बनाकर एक अलग मिसाल पेश कर रही हैं।

     

    गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट