Date: 24/08/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

एक रात में 4 घरों में चोरी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के आवास का भी टूटा ताला; 20 लाख के गहने गायब

8/24/2026 1:02:45 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

औरंगाबाद : शहर के वास्तु विहार इलाके में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में चार बंद मकानों को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार के आवास का ताला तोड़ने के साथ-साथ आसपास के तीन अन्य घरों में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सबसे बड़ी चोरी संतोष सिंह के घर में हुई है। जानकारी के मुताबिक, उनके घर से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं। घटना के वक्त संतोष सिंह देवघर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी अपने बेटे के साथ कर्मा रोड स्थित अपनी बहन के घर गई थीं। सुबह जब संतोष सिंह की पत्नी अपने घर पहुंचीं तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाने पर अलमारी भी टूटी मिली और उसमें रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। चोरों ने प्रदीप सिंह और बृजेश कुमार के बंद मकानों को भी निशाना बनाया। दोनों घरों में ताले तोड़कर चोरी की गई है। हालांकि, इन मकानों से कितने सामान और कितनी संपत्ति चोरी हुई है, इसका आकलन अभी किया जा रहा है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के घर का भी टूटा ताला

जांच के दौरान पुलिस को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार के आवास में भी चोरी की जानकारी मिली। उनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस नेता सूरज राय मौके पर पहुंचे और घर का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि राजेश कुमार एक दिन पहले ही अपने आवास में ताला लगाकर पटना के लिए रवाना हुए थे। उनके आवास की देखरेख के लिए एक केयरटेकर वहां रहता था, लेकिन रविवार शाम वह भी घर में ताला लगाकर अपने गांव चला गया था। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के आवास से क्या-क्या सामान चोरी हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में चार संदिग्ध बाउंड्री फांदकर सोसाइटी के अंदर प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं बताया जा रहा है कि चारों संदिग्ध करीब एक घंटे तक सोसाइटी के अंदर रहे। इसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम देकर उसी रास्ते से बाउंड्री फांदकर बाहर निकल गए। सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। एक ही रात में चार मकानों में चोरी की घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में दहशत का माहौल है।

 

औरंगाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए रुपेश कुमार की रिपोर्ट