Date: 25/08/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

4 महीने पहले हुई थी शादी, अब पेड़ से लटका मिला विवाहिता का शव; हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच

8/24/2026 4:50:26 PM IST

25
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

मुंगेर: मुंगेर के टेटिया बंबर थाना क्षेत्र में चार महीने पहले शादी के बंधन में बंधी 20 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में शीशम के पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मायके वालों ने पति पर हत्या कर शव को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। मृतका के पिता का आरोप है कि उनका दामाद रोजाना शराब पीता था और उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। मामला टेटिया बंबर थाना क्षेत्र के बंबर-खड़गपुर मुख्य मार्ग स्थित कुशवाहा टोला के समीप का है। सोमवार की अहले सुबह 20 वर्षीय रेणु कुमारी का शव शीशम के पेड़ से लटका मिला। रेणु की शादी करीब चार महीने पहले टेटिया गांव निवासी सोनू कुमार से हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति सोनू कुमार समेत एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया है। प्रभारी डीएसपी प्रभात रंजन ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और जांच की जानकारी ली। मृतका के पिता उमेश बिंद ने आरोप लगाया कि उनका दामाद रोजाना शराब पीने का आदी है और उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। पिता के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले ही उन्होंने अपनी बेटी से फोन पर बात की थी। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के मौके पर सोमवार को वे अपनी बेटी को विदा कराकर मायके लाने जाने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत की खबर मिल गई। पिता का यह भी आरोप है कि रेणु का शव उसकी ही साड़ी से शीशम के पेड़ पर लटका हुआ था। उनका कहना है कि पेड़ की स्थिति ऐसी है कि उस पर चढ़कर फांसी लगाना बेहद मुश्किल प्रतीत होता है। इन्हीं परिस्थितियों को लेकर मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। घटनास्थल से मिले साक्ष्य, एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट