Date: 05/09/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

धनबाद में अंपायरिंग-स्कोरिंग वर्कशॉप, नए सत्र से पहले नियमों की होगी गहन तैयारी
 

9/4/2026 2:54:06 PM IST

23
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad :धनबाद क्रिकेट संघ यानी डीसीए की ओर से क्रिकेट से जुड़े अंपायरों और स्कोररों के लिए विशेष वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। नए क्रिकेट सत्र की शुरुआत से पहले आयोजित होने वाली यह तीन दिवसीय कार्यशाला 11 सितंबर से शुरू होगी। वर्कशॉप के दौरान प्रतिभागियों को क्रिकेट के नियमों और प्लेइंग कंडीशन की बारीकियों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही मैच के दौरान अंपायरिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण परिस्थितियों, फैसलों और स्कोरिंग से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा होगी। इस दौरान विशेषज्ञ अंपायर प्रतिभागियों को आधुनिक क्रिकेट के नियमों और उनमें हुए बदलावों के बारे में जानकारी देंगे। साथ ही प्रतिभागियों की ओर से पूछे गए सवालों और उनकी शंकाओं का समाधान भी किया जाएगा, ताकि आगामी सत्र में मैदान पर अंपायर और स्कोरर अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभा सकें। डीसीए के महासचिव विनय कुमार सिंह और उपाध्यक्ष सह अंपायरिंग कमेटी के चेयरमैन मनोज कुमार सिंह ने बताया कि नए सत्र की शुरुआत में इस तरह का आयोजन अंपायरों और स्कोररों के लिए एक तरह का रिफ्रेशर कोर्स साबित होगा। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में हर फैसले और हर रन का रिकॉर्ड बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में अंपायर और स्कोरर नियमों और तकनीकी पहलुओं से पूरी तरह अपडेट रहें, इसी उद्देश्य से इस वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। डीसीए को उम्मीद है कि इस कार्यशाला से जिले के अंपायरों और स्कोररों की दक्षता बढ़ेगी और आगामी क्रिकेट सत्र में मैचों के संचालन को और बेहतर एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क