Date: 27/09/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गजलीटांड़ खान हादसे की 32वीं बरसी पर शहीद श्रमिकों को CMD ने दी श्रद्धांजलि, परिजनों की मांगों पर CMD का भरोसा, किया बड़ा ऐलान ! 

9/26/2026 4:20:23 PM IST

16
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Dhanbad : धनबाद के बाघमारा में गजलीटांड़ खान दुर्घटना की 32वीं बरसी पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। 26 सितंबर 1994 की उस काली रात में कतरी नदी का पानी अचानक खदान में घुस गया था, जिससे खदान जलमग्न हो गई और 64 श्रमिकों की जान चली गई थी। जलीटांड़ मैदान स्थित शहीद स्तंभ पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में BCCL के CMD मनोज अग्रवाल, बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो और पूर्व बियाडा अध्यक्ष विजय कुमार झा समेत कई लोगों ने शहीद श्रमिकों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। आरसीएमएस के वरिष्ठ नेता ए.के. झा, वार्ड संख्या-5 की पार्षद निरुपमा देवी और विभिन्न मजदूर यूनियन के प्रतिनिधियों ने भी शहीद श्रमिकों को श्रद्धांजलि दी। वहीं, शहीद श्रमिकों के परिजनों ने पूजा-अर्चना कर दिवंगत श्रमिकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम के दौरान शहीद स्तंभ परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इस मौके पर BCCL CMD और विधायक ने शहीद श्रमिकों के परिजनों से मुलाकात कर उनकी मौजूदा परिस्थितियों की जानकारी ली। परिजनों ने दुर्घटना के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और तत्कालीन प्रबंधन की ओर से किए गए आवास एवं अन्य मुआवजा देने के वादों को दोहराते हुए लंबित सुविधाओं को पूरा करने की मांग रखी। बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि इतने वर्षों बाद भी शहीद श्रमिकों के परिजनों की मांगें पूरी नहीं होना दुखद है। उन्होंने मांगों को पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही।

वहीं, BCCL CMD मनोज अग्रवाल ने भी परिजनों की मांगों पर जल्द कार्रवाई कर उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क