Date: 10/10/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

फर्जी पत्रकार बनकर ठगी का आरोप, 2.70 लाख रुपये हड़पने की शिकायत, बैंक मोड़ थाना में आवेदन देकर पीड़ित ने की कार्रवाई की मांग, प्रेस क्लब और पुलिस के नाम पर पैसे लेने का लगा आरोप

10/9/2026 1:33:30 PM IST

18
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद में खुद को पत्रकार बताकर ठगी करने का एक मामला सामने आया है। इस संबंध में बोकारो निवासी जूही कुमारी ने बैंक मोड़ थाना में लिखित शिकायत देकर गोलू सिंह नामक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने पत्रकार और प्रेस क्लब से जुड़ा होने का हवाला देकर उनसे अलग-अलग माध्यमों से कुल 2 लाख 70 हजार रुपये लिए। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी राशि वापस नहीं की गई, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
शिकायत के अनुसार, गोलू सिंह ने खुद को कोयलांचल क्राइम क्षेत्र के एक प्रेस क्लब एवं मीडिया संस्थान से जुड़ा पत्रकार बताया था। आरोप है कि उसने धनबाद प्रेस क्लब और तोपचांची थाना प्रभारी के नाम का हवाला देते हुए शिकायतकर्ता से पैसे लिए। पीड़िता का कहना है कि 15 अप्रैल 2025 से अब तक अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई के माध्यम से उसे कुल 2.70 लाख रुपये दिए गए। यह राशि अलग-अलग खातों में भेजी गई थी। पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया है कि पैसे लौटाने का आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक रकम वापस नहीं की गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, राशि के लेन-देन से संबंधित बैंक ट्रांजेक्शन, यूपीआई रिकॉर्ड, बातचीत और अन्य उपलब्ध साक्ष्य उसके पास मौजूद हैं, जिन्हें वह पुलिस जांच के दौरान प्रस्तुत करने के लिए तैयार है।
जूही कुमारी ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पैसे के लेन-देन की पड़ताल करने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने यह भी आग्रह किया है कि यदि संबंधित व्यक्ति किसी प्रेस क्लब या पत्रकार संगठन से जुड़ा है, तो संगठन के स्तर पर भी मामले की जांच की जाए। 
 
फिलहाल, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और संबंधित पक्ष का बयान सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क