Date: 14/10/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पारसनाथ स्टेशन पर RPF की कार्रवाई, नौ बोतल विदेशी शराब बरामद.....

10/13/2026 6:26:12 PM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
DHANBAD :: दुर्गा पूजा के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल की ओर से लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 अक्टूबर की रात पारसनाथ रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने एक युवक को नौ बोतल विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। जब्त शराब की कीमत 8,380 रुपये बताई गई है। गिरफ्तार युवक बिहार के पूर्वी चंपारण जिले का रहने वाला है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे जब्त शराब के साथ आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, गिरिडीह को सौंप दिया गया।
दुर्गा पूजा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोमो की ओर से विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे पारसनाथ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 03/04 पर न्यू फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के नीचे दो बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में खड़े एक युवक पर आरपीएफ के जवानों की नजर पड़ी।
बताया गया कि पूछताछ के दौरान युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन आरपीएफ के जवानों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अमित कुमार (20 वर्ष), पिता कृष्णा प्रसाद, निवासी कटहां, थाना मेसी, जिला पूर्वी चंपारण, बिहार बताया।
युवक के पास मौजूद दोनों बैगों की तलाशी लेने पर 750 मिलीलीटर की पांच बोतल ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की, दो बोतल स्नॉस्की वोडका और दो बोतल ब्लैक बकार्डी रम बरामद हुई। इस तरह कुल नौ बोतलों में 6.75 लीटर शराब जब्त की गई, जिसका अंकित मूल्य 8,380 रुपये बताया गया है।
आरपीएफ के अनुसार, पूछताछ के दौरान युवक ने शराब को गया ले जाकर अधिक कीमत पर बेचने की मंशा जाहिर की। इसके बाद जब्ती सूची तैयार कर शराब जब्त की गई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार युवक और जब्त शराब को आगे की विधिसम्मत कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, गिरिडीह को सुपुर्द कर दिया गया। दुर्गा पूजा के दौरान रेलवे स्टेशनों पर अवैध शराब के परिवहन और तस्करी पर रोक लगाने के लिए आरपीएफ की निगरानी जारी है।
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क