Date: 23/10/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

एसआईआर रद्द करने की मांग को लेकर किसानों ने निकाला मार्च

10/23/2026 5:02:37 PM IST

12
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
 Jehanabad : संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत  जहानाबाद में एसआईआर रद्द करने और मतदाताओं के मतदान का अधिकार बहाल करने की मांग को लेकर किसानों ने मार्च निकाला। मार्च माले कार्यालय से शुरू होकर पटना-गया मुख्य मार्ग से होते हुए अरवल मोड़ पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई। सभा में नेताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को तत्काल रद्द करने, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ मुकदमा चलाने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि बिना पारदर्शिता के 13 करोड़ 41 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। नेताओं ने इन नागरिकों के मतदान का अधिकार तत्काल बहाल करने की मांग उठाई। मार्च का नेतृत्व अखिल भारतीय किसान महासभा के राज्य उपाध्यक्ष एवं माले राज्य कमेटी सदस्य रामाधार सिंह, माले राज्य कमेटी सदस्य रविंद्र यादव, किसान महासभा के जिला सचिव शौकीन यादव सहित अन्य किसान नेताओं ने किया। सभा की अध्यक्षता संजय चंद्रवंशी ने की। इसमें बैजनाथ यादव, विजय यादव, अरविंद मिस्त्री, अरविंद चौधरी, सुनील यादव, बाबूलाल यादव, सतीश चौधरी, अंबिका यादव और सीमा कुमारी सहित अन्य लोग शामिल हुए।नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए व्यापक जनभागीदारी के साथ आंदोलन तेज करना जरूरी है। उन्होंने वर्ष 2023 के संबंधित अधिनियम में संशोधन कर मुख्य निर्वाचन आयुक्त की नियुक्ति के चयन पैनल में प्रधानमंत्री द्वारा मनोनीत कैबिनेट मंत्री के स्थान पर भारत के मुख्य न्यायाधीश को शामिल करने की मांग की। किसानों ने व्यापक चुनाव सुधार और आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली लागू करने की भी मांग की।वक्ताओं ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर आरोप लगाए तथा सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र से जुड़े सवालों का समाधान जनआंदोलन और जनता की व्यापक भागीदारी से ही संभव है।।
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट ।