Date: 23/10/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

दो मासूमों की हत्या से सनसनी, मां ने ही बेटे और भतीजे को कुएं में धकेला

10/23/2026 5:02:37 PM IST

16
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jharkhand : दुमका से एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने माँ की ममता को कलंकित कर दिया है। चार साल का अरब और नौ साल का आयुष  दोनों मासूमों को क्या पता था कि जिस माँ के साथ वे बेफिक्र होकर जा रहे हैं, वही उनकी जिंदगी छीन लेगी। 19 अक्टूबर को दुमका से लापता हुए दोनों बच्चों के शव गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के सलगा टांड़ गांव के पास एक कुएं से बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों बच्चों की हत्या के आरोप में उनकी मां राखी कुमारी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि पारिवारिक विवाद और घरेलू उपेक्षा से उपजे आक्रोश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। आखिर उस दिन क्या हुआ था? कैसे दुमका से गोड्डा तक पहुंची यह खौफनाक कहानी? देखिए, यह पूरी रिपोर्ट। 19 अक्टूबर को पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के बलियाडेंगा गांव के रहने वाले विक्रम सिंह अपने परिवार के साथ घूमने निकले थे। परिवार दुमका के अलग-अलग इलाकों में घूम रहा था। बताया जाता है कि परिवार सेल्फी ब्रिज और चुटोनाथ जैसे स्थानों पर भी गया। इसी दौरान नगर थाना क्षेत्र के पास एक जगह नाश्ते के लिए रुका। यहीं से परिवार की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं । विक्रम सिंह की पत्नी राखी कुमारी अपने चार वर्षीय बेटे अरब और नौ वर्षीय भतीजे आयुष कुमार के साथ वहां से निकलीं। लेकिन कुछ देर बाद तीनों का कोई पता नहीं चला। परिजनों की चिंता बढ़ी और पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद दुमका नगर थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की गई । मामले की गंभीरता को देखते हुए दुमका के पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से बच्चों के लापता होने के बाद की गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश की।पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में महिला दोनों बच्चों को पैदल ले जाती दिखाई दी। इसके बाद उसने एक टोटो लिया और आगे जाकर एक कार बुक की। पुलिस ने कार चालक का पता लगाया। चालक ने भी महिला और दोनों बच्चों को गाड़ी से ले जाने की पुष्टि की और महिला की पहचान की। जांच आगे बढ़ी तो महिला का पता गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के सलगा टांड़ गांव के आसपास मिला। पुलिस ने महिला को बरामद कर पूछताछ शुरू की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान राखी कुमारी बार-बार अलग-अलग बातें बताकर जांच को भटकाने की कोशिश कर रही थी। संदेह गहराने पर महिला पुलिस अधिकारी ने उससे सख्ती से पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान महिला ने दोनों बच्चों को कुएं में धकेलने की बात स्वीकार की और उस स्थान की जानकारी दी, जहां शव मौजूद थे। महिला की निशानदेही पर पुलिस टीम गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के सलगा टांड़ गांव के पास पहुंची। वहां एक कुएं से दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
चार साल के अरब और नौ साल के आयुष की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जिन बच्चों को परिवार के साथ घूमने जाना था, उनका सफर मौत पर खत्म हो गया।पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार के मुताबिक, शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद और उपेक्षा से जुड़ी बातें सामने आई हैं। पुलिस का कहना है कि राखी कुमारी अपने पति के दूसरी महिला से बातचीत करने को लेकर संदेह करती थी। साथ ही, उसे लगता था कि ससुराल में उसे और उसके बच्चे को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जाता, जबकि परिवार के दूसरे सदस्यों और उनके बच्चों को अधिक तरजीह दी जाती है। पुलिस के अनुसार, इसी कथित आक्रोश के कारण महिला काफी समय से इस तरह की वारदात की योजना बना रही थी। हालांकि, इन दावों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के जरिए ही होगी।सीसीटीवी फुटेज, वाहन चालक के बयान और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की गई। महिला की निशानदेही पर दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दुमका नगर थाना में दर्ज गुमशुदगी के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित धाराओं में बदलाव करते हुए हत्या और साक्ष्य मिटाने से जुड़े आरोप भी जोड़े हैं। पुलिस के अनुसार, राखी कुमारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की गई है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्यों से बच्चों की मौत से जुड़े तथ्यों की पुष्टि करने में मदद मिलेगी। दो मासूमों की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर घरेलू विवाद की आग में बच्चों को क्यों झोंक दिया जाता है? चार साल का अरब और नौ साल का आयुष इस दुनिया में नहीं रहे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अब सबकी नजर इस बात पर है कि साक्ष्यों के आधार पर अदालत में इस खौफनाक वारदात की पूरी सच्चाई कैसे सामने आती है।
 
दुमका से कोयलांचल लाइव के लिए विजय तिवारी की रिपोर्ट ।