Date: 07/11/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

धनतेरस पर सोने-चांदी की खरीदारी के लिए तैयार सराफा बाजार
 

11/7/2026 11:31:51 AM IST

16
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : धनतेरस को लेकर मुंगेर का सराफा बाजार सोने-चांदी के आभूषणों से सजकर पूरी तरह तैयार है। बाजार में ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ने लगी है और लोगों में खरीदारी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। हालांकि, सोने-चांदी की कीमतों में तेजी के बावजूद बाजार में अच्छी बिक्री की उम्मीद जताई जा रही है। इस बार सराफा कारोबारियों को धनतेरस पर 20 से 25 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है। दीपावली से पहले धनतेरस के त्योहार को लेकर मुंगेर के सराफा बाजार में रौनक छाने लगी है। मान्यता है कि धनतेरस के दिन सोना-चांदी और अन्य कीमती धातुओं की खरीदारी करना शुभ होता है। यही वजह है कि इस दिन बाजार में ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ती है। धनतेरस पर ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए सराफा कारोबारियों ने भी अपनी दुकानों को आकर्षक तरीके से सजाया है। दुकानों के शोकेस में सोने और चांदी के नए-नए डिजाइन के आभूषण सजाए गए हैं। इनमें चेन, अंगूठी, मंगलसूत्र, हार के साथ-साथ चांदी के सिक्के और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां भी शामिल हैं। वहीं, इस बार सोने-चांदी की कीमतों ने भी लोगों का ध्यान खींचा है। देश के विभिन्न शहरों में 24 कैरेट सोने की कीमत 1 लाख 43 हजार 610 रुपये प्रति 10 ग्राम, जबकि 22 कैरेट सोने की कीमत 1 लाख 31 हजार 650 रुपये प्रति 10 ग्राम बताई जा रही है। वहीं, चांदी की कीमत 1 लाख 83 हजार से 1,90,827 रुपये प्रति किलोग्राम और 1 हजार 830 रुपये से 1हजार 918 प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है। हालांकि, कीमतों में तेजी के बावजूद सराफा कारोबारियों को धनतेरस पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है। दुकानदारों का अनुमान है कि इस बार मुंगेर के सराफा बाजार में करीब 20 से 25 करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है। अब देखना होगा कि धनतेरस के दिन ग्राहकों की खरीदारी बाजार के कारोबार को कितनी ऊंचाई तक पहुंचाती है।
 

मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट