Date: 14/11/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 क्या दुमका को मिलेगी नई रेल सौगात ? सांसद नलिन सोरेन ने रेलवे के सामने रखीं 6 बड़ी मांगें

11/13/2026 12:21:51 PM IST

23
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dumka: दुमका लोकसभा क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं के समाधान को लेकर सांसद नलिन सोरेन ने हावड़ा एवं सियालदह रेलवे मंडलों की समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। कोलकाता में आयोजित हुई इस बैठक में  सांसद नलिन सोरेन ने  दुमका सहित संताल परगना में रेल कनेक्टिविटी बेहतर बनाने तथा यात्रियों को सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में सांसद ने दुमका से रांची के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू करने, दुमका-देवघर ट्रेन का नियमित परिचालन सुनिश्चित करने तथा दुमका से नई दिल्ली के लिए सीधी सुपरफास्ट ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग की। इसके अलावा दुमका रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण और विद्यासागर रेलवे स्टेशन पर गंगा-सतलज एक्सप्रेस और जनशताब्दी एक्सप्रेस के ठहराव का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।
सांसद नलिन सोरेन ने दुमका से दक्षिण भारत के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए बड़ी संख्या में मरीजों को वहां जाना पड़ता है। ऐसे में दुमका से सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध होने से मरीजों के साथ-साथ आम यात्रियों को भी काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र में बेहतर रेल संपर्क की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि रेल सुविधाओं का विस्तार विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, मरीजों और आम यात्रियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इन सुविधाओं के उपलब्ध होने से लोगों का आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।सांसद ने कहा कि दुमका लोकसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं को उचित मंच पर उठाना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है। संताल परगना के लोगों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे। इसके अलावा भारत के रेल मंत्री से भी मुलाकात कर इन सभी मांगो को रखेंगे ।
 
दुमका से कोयलांचल लाइव के लिए विजय तिवारी की रिपोर्ट |