Date: 14/11/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

छठ की पौराणिक विरासत संभाले है मुंगेर,अब सरकार से विकास की गुहार 

11/13/2026 4:21:37 PM IST

17
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : बिहार के मुंगेर की धरती सिर्फ ऐतिहासिक धरोहरों के लिए ही नहीं, बल्कि पौराणिक मान्यताओं के लिए भी जानी जाती है। मान्यता है कि लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत इसी धरती से हुई थी। जी हां, हम बात कर रहे हैं मुंगेर के उत्तरवाहिनी गंगा तट पर स्थित पवित्र 'सीता चरण' की। कहा जाता है कि रामायण काल में माता सीता ने इसी स्थान पर पहली बार भगवान सूर्य की उपासना कर छठ व्रत किया था। आज भी गंगा के बीच एक चट्टान पर माता सीता के चरण चिह्न और सूप के निशान श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बने हुए हैं। लेकिन विडंबना देखिए कि इतनी बड़ी पौराणिक पहचान होने के बावजूद यह स्थल पर्यटन के मानचित्र पर वह स्थान हासिल नहीं कर सका है, जिसका स्थानीय लोगों को इंतजार है। अब इस स्थल को रामायण सर्किट से जोड़ने और यहां 108 फीट ऊंची मां सीता की प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठने लगी है।
 मुंगेर के गंगा तट पर स्थित यह वही पवित्र स्थल है, जिसे स्थानीय लोग 'सीता चरण' के नाम से जानते हैं। गंगा की धारा के बीच मौजूद चट्टान पर बने चरण चिह्न और सूप के निशान यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र हैं।स्थानीय मान्यता के अनुसार, त्रेता युग में जब रावण वध के बाद भगवान राम को ब्राह्मण हत्या का दोष लगा तो उसकेप्रायश्चित के लिए श्रीराम के साथ माता सीता जब मुंगेर पहुंचीं, तो उन्होंने यहां गंगा तट पर मुद्गल ऋषि के आश्रम में भगवान सूर्य की आराधना की थी। मान्यता है कि यहीं से छठ महापर्व की परंपरा की शुरुआत हुई। इस पौराणिक स्थल का उल्लेख 1926 के तत्कालीन सरकारी गजट और आनंद रामायण में होने का दावा स्थानीय जानकारों द्वारा किया जाता है। छठ महापर्व के मौके पर यहां श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ उमड़ती है। लोगों का विश्वास है कि यहां सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने और भगवान भास्कर को अर्घ्य देने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं।।लेकिन सवाल यह है कि जिस स्थल को लोग छठ महापर्व की शुरुआत से जोड़कर देखते हैं, उसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान कब मिलेगी ।इसी को लेकर अब स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने सरकार से इस पौराणिक धरोहर के विकास की मांग तेज कर दी है।लोगों की मांग है कि सीता चरण परिसर में माता सीता की 108 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की जाए। साथ ही इस स्थल को रामायण सर्किट से जोड़ा जाए, ताकि देश-विदेश के श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंच सकें।इतना ही नहीं, गंगा के बीच स्थित इस स्थल तक पहुंचने के लिए मरीन ड्राइव से लूप लाइन जोड़ने, बेहतर नाव सेवा और रोपवे जैसी सुविधाएं विकसित करने की भी मांग की जा रही है। फिलहाल मुंगेर के लोगों की निगाहें केंद्र और राज्य सरकार पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि जिस सीता चरण को छठ महापर्व की शुरुआत की पौराणिक मान्यता से जोड़ा जाता है, उसे भी अयोध्या और अन्य धार्मिक पर्यटन स्थलों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस ऐतिहासिक और पौराणिक विरासत से परिचित हो सकें और मुंगेर को धार्मिक पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर एक नई पहचान मिल सके।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट।