Date: 14/11/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

छठ की रसोई में आम की लकड़ी का जलवा, 25 रुपये किलो तक पहुंची कीमत, बाजार में बढ़ी मांग!

11/13/2026 4:50:59 PM IST

16
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Munger : मुंगेर मे लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा स्वच्छता, पवित्रता और शुद्धता का प्रतीक माना जाता है। यही वजह है कि छठ पर्व के दौरान बनने वाले प्रसाद और पारंपरिक पकवानों को तैयार करने में विशेष सावधानी बरती जाती है। इस दौरान कई घरों में गैस चूल्हे की जगह आम की लकड़ियों से मिट्टी के चूल्हे पर प्रसाद तैयार करने की परंपरा है। हिंदू धर्म में आम की लकड़ी को धार्मिक दृष्टि से काफी पवित्र माना जाता है। यही कारण है कि यज्ञ, हवन और विभिन्न पूजा-पाठ में भी आम की लकड़ियों का विशेष महत्व है। छठ पूजा के दौरान खरना का प्रसाद हो या फिर ठेकुआ सहित अन्य पकवान, इन्हें पारंपरिक तरीके से तैयार करने के लिए आम की लकड़ियों का इस्तेमाल किया जाता है। इधर, छठ पर्व नजदीक आते ही बाजारों में आम की लकड़ियों की मांग काफी बढ़ गई है। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और बाजारों में लकड़ियों की दुकानें सज गई हैं। लोग अपनी जरूरत के अनुसार आम की लकड़ियां खरीदते नजर आ रहे हैं। लकड़ी विक्रेताओं की मानें तो छठ को लेकर बिक्री में तेजी आई है। फिलहाल बाजार में आम की लकड़ी 20 से 25 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रही है।

 

मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट