Date: 17/11/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जय शाह को फिर मिली ICC की कमान, इरफान अंसारी ने चयन प्रक्रिया पर उठाए सवाल।

11/16/2026 3:38:00 PM IST

14
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamtara : जामताड़ा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन के रूप में जय शाह को लगातार दूसरी बार निर्विरोध चुने जाने पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री एवं जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने जामताड़ा स्थित अपने आवासीय कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि जय शाह के दोबारा चेयरमैन चुने जाने पर आश्चर्य हो रहा है उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब तक केंद्र में भाजपा की सरकार रहेगी, तब तक जय शाह आईसीसी के आजीवन अध्यक्ष बने रहेंगे। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस चयन प्रक्रिया पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि जय शाह को लगातार इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी जा रही है, जबकि उन्हें क्रिकेट का 'क' भी नहीं मालूम है। यह बात समझ से परे है कि आखिर बार-बार उन्हें ही इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी क्यों सौंपी जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि क्रिकेट जैसे अंतरराष्ट्रीय खेल के सर्वोच्च पद पर किसी ऐसे व्यक्ति को जिम्मेदारी दी जानी चाहिए, जिसे क्रिकेट का अनुभव हो। इस पद पर किसी रिटायर्ड क्रिकेटर को चुना जाना चाहिए, ताकि खेल की बारीकियों और खिलाड़ियों की समस्याओं को बेहतर तरीके से समझा जा सके। उन्होंने कहा कि इस तरह के फैसलों से खिलाड़ियों पर क्या गुजरती होगी, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है।
 
 

जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट