Date: 19/11/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पेंशन के इंतजार में बीते आठ महीने, अब भूख हड़ताल की तैयारी में लाभुक समिति
 

11/17/2026 12:19:09 PM IST

43
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur  : आठ महीने से वृद्धावस्था और विधवा पेंशन की बकाया राशि नहीं मिलने से नाराज लाभुकों ने अब आंदोलन का रास्ता अपना लिया है। जमशेदपुर के पोटका प्रखंड कार्यालय के समक्ष वृद्धावस्था पेंशन लाभुक समिति के बैनर तले लाभुकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार से आठ महीने की बकाया पेंशन राशि का अविलंब भुगतान करने की मांग की। समिति के सदस्यों ने कहा कि पेंशन के सहारे जीवनयापन करने वाले बुजुर्गों और विधवा महिलाओं को लंबे समय से आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार की ओर से मिलने वाली पेंशन उनके लिए आर्थिक संबल है, लेकिन समय पर भुगतान नहीं होने से उनकी मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। प्रदर्शन के दौरान समिति ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। समिति के सदस्यों ने कहा कि वर्तमान महंगाई को देखते हुए वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग और अविवाहित लाभुकों को मिलने वाली पेंशन राशि कम से कम 3000 रुपये प्रतिमाह की जानी चाहिए। इसके साथ ही सभी जातियों के लोगों के लिए वृद्धावस्था पेंशन की पात्रता उम्र 50 वर्ष निर्धारित करने की मांग सरकार से की गई। समिति का कहना है कि उम्र सीमा में बदलाव होने से अधिक जरूरतमंद लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजना का लाभ मिल सकेगा। जिन लाभुकों की पेंशन किसी कारणवश बंद हो गई है, उनके मामले को भी समिति ने गंभीरता से उठाया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि तकनीकी या दस्तावेज संबंधी त्रुटियों के कारण बंद हुई पेंशन को अविलंब चालू किया जाए। इसके लिए संबंधित विभाग की ओर से त्रुटियों का जल्द निराकरण किया जाना चाहिए, ताकि पात्र लाभुकों को पेंशन के लिए सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। इसके अलावा मंईयां सम्मान योजना से अब तक वंचित योग्य महिलाओं को योजना से जोड़ने की मांग भी उठाई गई। समिति ने कहा कि कई पात्र महिलाएं आवेदन और तकनीकी समस्याओं के कारण योजना का लाभ नहीं ले पा रही हैं। ऐसी महिलाओं को योजना से जोड़ने के लिए आवश्यक प्रक्रिया सरल बनाई जाए। साथ ही आवेदन में किसी प्रकार की गलती या त्रुटि होने पर सुधार के लिए पोर्टल हर समय खुला रखा जाए, ताकि योग्य लाभुकों को योजना का लाभ लेने में परेशानी न हो। प्रदर्शन के दौरान समिति के सदस्यों ने सरकार से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द कार्रवाई करने की अपील की। उनका कहना था कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का उद्देश्य समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। लेकिन पेंशन भुगतान में देरी और तकनीकी समस्याओं के कारण लाभुक अपने अधिकारों से वंचित हो रहे हैं। वहीं समिति ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले सात से आठ दिनों के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर लाभुक समिति भूख हड़ताल पर बैठेगी और प्रखंड से लेकर व्यापक स्तर तक जोरदार आंदोलन किया जाएगा। समिति ने स्पष्ट किया कि जब तक बकाया पेंशन का भुगतान और अन्य मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। अब देखना होगा कि पेंशन लाभुक समिति के इस प्रदर्शन और आंदोलन की चेतावनी के बाद सरकार तथा संबंधित विभाग की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट |