Date: 19/11/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

एक संस्थान तभी आगे बढ़ेगा जब अधिकारी और फील्ड वर्कर साथ चलेंगे : अनुपम मिश्रा

11/17/2026 12:19:09 PM IST

31
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
धनबाद : धनबाद के प्रतिष्ठित अनुसंधान संस्थान CSIR-CIMFR का 80वां स्थापना दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। समारोह में हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के अध्यक्ष अनुपम मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि CMPDI के निदेशक तकनीकी आनंद मोहन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान अनुपम मिश्रा ने संस्थानों में बेहतर कार्यसंस्कृति विकसित करने के लिए अधिकारियों को 2/20 और 24/48 का खास फॉर्मूला समझाया। उन्होंने कहा कि नीतियां बनाने वाले अधिकारियों को जमीनी हकीकत और फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों की कठिनाइयों को भी समझना होगा। CSIR-CIMFR के 80वें स्थापना दिवस पर संस्थान में उत्सव का माहौल रहा। इस मौके पर आयोजित समारोह और औद्योगिक बैठक में अनुसंधान, आधुनिक तकनीक और उद्योगों की बदलती जरूरतों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने कार्यसंस्कृति में सुधार के लिए अधिकारियों को '2/20 का नियम' समझाया। उन्होंने कहा कि जिन वरिष्ठ अधिकारियों की नौकरी में केवल दो साल शेष हैं, उन्हें जूनियर कर्मचारियों के लिए नियम बनाते समय यह सोचना चाहिए कि उन नियमों के साथ कर्मचारियों को अगले 20 साल तक काम करना है। इसलिए नीतियां बनाते वक्त जमीनी परिस्थितियों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने '24/48 का नियम' बताते हुए कहा कि वातानुकूलित कमरों में 24 डिग्री तापमान पर बैठकर काम करने वाले वरिष्ठ अधिकारियों को यह भी याद रखना चाहिए कि उनके फील्ड वर्कर 48 डिग्री की भीषण गर्मी में काम करते हैं। ऐसे में नीतियां बनाते समय फील्ड कर्मचारियों की परेशानियों और जरूरतों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। अनुपम मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि किसी भी संस्थान की सफलता सिर्फ आधुनिक तकनीक और संसाधनों से नहीं, बल्कि अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल, संवेदनशीलता और सहयोग से भी तय होती है। समारोह में CMPDI के निदेशक तकनीकी आनंद मोहन समेत अन्य अतिथियों ने भी अनुसंधान और औद्योगिक क्षेत्र के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। 80 वर्षों की उपलब्धियों के साथ CSIR-CIMFR ने भविष्य की चुनौतियों के लिए आधुनिक अनुसंधान और उद्योगों के साथ सहयोग को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क |