Date: 19/11/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बागबेड़ा में जलापूर्ति योजना का इंतजार कब होगा खत्म ? पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की बेटी दुखनी सोरेन ने उपायुक्त से की मुलाकात

11/18/2026 1:01:02 PM IST

23
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur  : बागबेड़ा वृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजना में हो रही देरी और ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल नहीं मिलने के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की बेटी दुखनी सोरेन ने बागबेड़ा के जलापूर्ति आंदोलनकारियों के साथ पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उपायुक्त को मांग पत्र सौंपकर वर्षों से लंबित जलापूर्ति योजना को जल्द पूरा कराने तथा जनवरी 2027 तक सुचारू रूप से पेयजल आपूर्ति शुरू कराने की मांग की।  गौरतलब है कि बागबेड़ा वृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजना का शिलान्यास 18 अप्रैल 2015 को हुआ था और इसे 27 जुलाई 2018 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। लेकिन लगभग 11 वर्ष बीत जाने के बावजूद योजना का काम पूरी तरह धरातल पर नहीं उतर पाया है। निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण ग्रामीण आज भी स्वच्छ पेयजल के लिए परेशान हैं। दुखनी सोरेन ने उपायुक्त महोदय से मांग की कि योजना के शेष कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए, संबंधित अधिकारियों एवं संवेदक की जवाबदेही तय की जाए तथा जनवरी 2027 तक सभी प्रभावित गांवों और बस्तियों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ढाई लाख से अधिक लोगों की पेयजल समस्या को अब और नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों को आश्वासन नहीं, बल्कि उनके घरों तक शुद्ध पेयजल चाहिए।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट |