Date: 20/11/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

नियोजन और वेतन कटौती के विरोध में ग्रामीणों ने ठप कराया खेमका आउटसोर्सिंग का काम
 

11/19/2026 5:54:55 PM IST

19
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Baghmara : ​बाघमारा के बीसीसीएल ब्लॉक-2 अंतर्गत 14 नंबर हाजरी घर के समीप संचालित खेमका आउटसोर्सिंग कंपनी की मनमानी के खिलाफ ग्रामीण एकता मंच के बैनर तले ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन चक्का जाम आंदोलन शुरू कर दिया है। सूचना पर वार्ता के लिए पहुंचे बीसीसीएल अधिकारियों और आंदोलनकारियों के बीच बातचीत बेनतीजा रही, जिसके कारण कंपनी में कोयला खनन और ट्रांसपोर्टिंग का कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। ​आंदोलन का नेतृत्व कर रहे मजदूर नेता सह समाजसेवी कन्हाई चौहान ने कंपनी पर आरोप लगाते हुये कहा कि कंपनी पूर्व में स्थानीय लोगों के नियोजन और अन्य मांगों पर बनी सहमति से मुकर रही है। कंपनी में कार्यरत मजदूरों का शोषण किया जा रहा है और उन्हें निर्धारित एचपीसी वेतन नहीं मिल रहा है। मजदूरों से 30 दिनों की ड्यूटी लेने के बावजूद मात्र 18 से 20 दिनों का ही वेतन भुगतान किया जा रहा है। इसके अलावा, मजदूरों को न तो कोई पहचान पत्र दिया गया है और न ही कार्यस्थल पर सुरक्षा के मानकों का ध्यान रखा जा रहा है। कन्हाई चौहान का कहना है कि किसी अनहोनी की स्थिति में कंपनी मजदूरों को पहचानने से भी इनकार कर देगी। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक स्थानीय लोगों को नियोजन और मजदूरों को उनका पूरा हक नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा। ​दूसरी ओर, वार्ता के लिए पहुंचे बीसीसीएल अधिकारी ने स्वीकार किया कि आंदोलनकारीयों से सहमति नहीं बन पाने के कारण आउटसोर्सिंग कंपनी का काम बाधित है। वहीं, खेमका आउटसोर्सिंग के प्रबंधक ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कंपनी नियमानुसार खनन कार्य कर रही है और मजदूरों को सही वेतन दिया जा रहा है, लेकिन आंदोलन के कारण कामकाज प्रभावित हुआ है।
 
बाघमारा से कोयलांचल लाइव के लिए काशीनाथ रवानी की रिपोर्ट।