Date: 25/11/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

29 शहीद मजदूरों की याद मिटाने पर भड़का आक्रोश, परिजनों के धरने के बाद झुका प्रबंधन!

11/25/2026 2:09:00 PM IST

16
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : कोयलांचल के बागडीगी खान हादसे में शहीद हुए 29 मजदूरों की याद में बनाई गई शहीद वेदी को तोड़े जाने से परिजनों में भारी आक्रोश है। अपने पूर्वजों के बलिदान की निशानी मिटाए जाने से नाराज शहीद मजदूरों के परिजनों ने लोदना क्षेत्रीय कार्यालय के गेट पर धरना शुरू कर दिया। उनके समर्थन में विभिन्न ट्रेड यूनियनों के नेता भी धरने पर बैठ गए। मामला बढ़ता देख प्रबंधन ने तत्काल पहल की और वार्ता के बाद क्षेत्रीय कार्यालय के समीप भीटीसी सेंटर में नए शहीद स्मारक का निर्माण कार्य शुरू करा दिया। इसके बाद परिजनों और यूनियन नेताओं ने धरना समाप्त कर दिया। दरअसल, बागडीगी कोलियरी में हुए भीषण खान हादसे में 29 मजदूरों ने अपनी जान गंवाई थी। इन शहीद मजदूरों की कुर्बानी और बलिदान को याद रखने के उद्देश्य से उनकी स्मृति में शहीद वेदी का निर्माण कराया गया था। लेकिन इस शहीद वेदी को ध्वस्त किए जाने के बाद मृत मजदूरों के परिजन आक्रोशित हो उठे। परिजनों का कहना था कि यह सिर्फ एक स्मारक को तोड़ने का मामला नहीं है, बल्कि उनके पूर्वजों की शहादत, सम्मान और भावनाओं पर सीधा प्रहार है। इसी के विरोध में सोमवार को परिजनों ने लोदना क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य गेट पर धरना दिया। उनके समर्थन में राकोमसंघ, जमसंघ, यूसीडब्ल्यूयू, बीसीकेयू सहित विभिन्न ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि भी धरने पर बैठ गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए लोदना क्षेत्र के महाप्रबंधक ने तत्काल संज्ञान लिया और सभी पक्षों को वार्ता के लिए बुलाया। क्षेत्रीय सम्मेलन कक्ष में प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच बातचीत हुई। वार्ता में सहमति बनने के बाद क्षेत्रीय कार्यालय से सटे भीटीसी सेंटर में शहीद स्मारक के लिए जगह चिन्हित की गई और तत्काल निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया। प्रबंधन की इस पहल के बाद शहीद मजदूरों के परिजनों और यूनियन नेताओं ने धरना समाप्त कर दिया।
 

संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क