Date: 28/03/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

Ram Navami Procession : शौर्य प्रदर्शन के दाैरान धनबाद में 25 खिलाड़ी चोटिल,दो गंभीर

3/28/2026 12:51:27 PM IST

27
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद में रामनवमी धूमधाम से मनाई गई। इस कल शाम शहर में रामनवमी का अखाड़ा निकाला गया, जिसमें उत्साह के साथ शौर्य प्रदर्शन किया गया। इस दौरान धनबाद के पुराना बाजार में 25 खिलाड़ी घायल हो गए। इनमें से दो खिलाड़ियों को गंभीर चोटें आई हैं। घायल खिलाड़ियों का इलाज पाटलिपुत्र नर्सिंग होम, रोटरी क्लब साउथ, मारवाड़ी युवा मंच और पुराना बाजार चेंबर द्वारा लगाए गए मेडिकल कैंप में किया गया। वहीं, दो खिलाड़ियों को गंभीर रूप से जख्मी होने के कारण पाटलिपुत्र अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, शहर के विभिन्न मोहल्लों से लगभग दो दर्जन से अधिक अखाड़ा दल गाजे-बाजे के साथ पुराना बाजार पहुंचे थे। यहां खिलाड़ी तलवारबाजी, लाठी और अन्य पारंपरिक शस्त्रों से हैरतअंगेज प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने या शस्त्रों के आपसी टकराव के कारण खिलाड़ी एक-एक कर चोटिल होने लगे। कुल 25 लोग इस दौरान घायल हुए।रामनवमी के मद्देनजर पुराना बाजार में पाटलिपुत्र नर्सिंग होम, रोटरी क्लब और मारवाड़ी युवा मंच द्वारा चार अलग-अलग स्थानों पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए गए थे। मामूली रूप से घायल खिलाड़ियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया, जबकि दो खिलाड़ियों के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें तत्काल पाटलिपुत्र अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है।
इस सेवा कार्य में डॉ. निर्मल ड्रोलिया, डॉ. सतीश चंद्र, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. निखिल ड्रोलिया, विनोद प्रसाद गुप्ता, राकेश बरनवाल, विक्रम, शिवम, सोनू, अजय, मुकेश, दिनेश, संजय और सुरेंद्र आदि ने अहम भूमिका निभाई।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क