Date: 20/07/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

IIT-ISM में 90 युवाओं को मिला स्किल सर्टिफिकेट, 30 प्रशिक्षुओं को कैंपस प्लेसमेंट

6/25/2026 12:59:55 PM IST

101
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद के आईआईटी आईएसएम में कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक और पहल की गई है। संस्थान के खनन अभियंत्रण विभाग की ओर से संचालित सहायक खान सर्वेक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल प्रतिभागियों को गुरुवार को स्किल सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम के तहत 90 युवाओं को प्रमाण पत्र मिला, जबकि 30 प्रशिक्षुओं का कैंपस प्लेसमेंट भी हो चुका है। आईआईटी आईएसएम धनबाद के i2H भवन स्थित सेमिनार हॉल में आयोजित समारोह में प्रशिक्षण पूरा करने वाले 90 प्रशिक्षुओं को कौशल प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संस्थान के उपनिदेशक डॉ. धीरज कुमार मौजूद रहे। उन्होंने सभी सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डॉ. धीरज कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के सहयोग से चलाया गया यह प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुसार तैयार करने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि सहायक खान सर्वेक्षक प्रशिक्षण प्राप्त 90 युवाओं को प्रमाण पत्र दिया गया है, वहीं इनमें से 30 प्रतिभागियों का कैंपस प्लेसमेंट भी हो चुका है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार से जोड़ना भी है। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि इस प्रशिक्षण से उन्हें खनन क्षेत्र में बेहतर करियर बनाने में मदद मिलेगी।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क