Date: 24/07/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

टुंडी में धूमधाम से मनाया गया 77वां वन महोत्सव, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया पौधारोपण

7/24/2026 7:05:00 PM IST

12
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद के टुंडी प्रखंड स्थित लोधारिया में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से शुक्रवार को 77वें वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो शामिल हुए। वहीं धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार और डीएफओ विकास पालीवाल भी मौजूद रहे। दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। वन महोत्सव के दौरान अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। विधायक, डीसी, एसएसपी और डीएफओ ने स्वयं पौधारोपण किया। कार्यक्रम में शामिल स्कूली छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि क्षेत्र में जंगली हाथियों की समस्या को देखते हुए सोलर फेंसिंग का कार्य कराया जा रहा है। साथ ही ग्रामीणों की आजीविका को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर फलदार पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 32 एकड़ क्षेत्र में महुआ का पौधारोपण किया गया है, जो भविष्य में ग्रामीणों की आय का महत्वपूर्ण स्रोत बनेगा। उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि वन विभाग द्वारा आयोजित वन महोत्सव का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि चारों ओर फैली हरियाली सुखद अनुभूति देती है और सभी को वृक्षारोपण अभियान से जुड़ना चाहिए। एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पेड़ों का होना बेहद जरूरी है। विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना समय की मांग है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी कारणवश एक पेड़ काटना पड़े तो उसके बदले कम से कम पांच पौधे अवश्य लगाए जाएं।
 
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क