Date: 28/07/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मरीन ड्राइव पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक की दो बार टक्कर से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त
 

7/28/2026 4:35:18 PM IST

25
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर के मरीन ड्राइव मार्ग पर मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। हादसा एक्सेल ड्राइव के सामने हुआ, जहां एक तेज रफ्तार सीमेंट लदे ट्रक ने ह्यूंडई सेंट्रो कार को जोरदार टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, कार मरीन ड्राइव से आदित्यपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। पहली टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चली गई। आरोप है कि ट्रक चालक ने रफ्तार कम करने के बजाय कार को दूसरी बार भी टक्कर मार दी। दूसरी टक्कर के बाद कार सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट के पोल से जा टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा। हालांकि, कुछ दूर जाने के दौरान ट्रक का डीजल टैंक फट गया, जिसके बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। राहत की बात यह रही कि कार सवार युवक सुरक्षित हैं और हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना नहीं है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर थाने ले गई। वहीं, ट्रक को भी पुलिस की निगरानी में रखा गया है। फिलहाल ट्रक चालक फरार है। पुलिस उसकी तलाश के साथ ही पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए शिवम मिश्रा की रिपोर्ट