Date: 15/09/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा बनाने को लेकर जीआरपी ने  किया सभी को जागरूक.....

9/15/2026 2:02:03 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara : आरा रेलवे स्टेशन पर सोमवार को जीआरपी की ओर से यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा को लेकर जागरूक किया गया। इस दौरान यात्रियों को यात्रा के दौरान कम सामान लेकर चलने, ट्रेन में चढ़ते और उतरते समय अपने सामान की विशेष निगरानी रखने तथा कीमती आभूषण लेकर यात्रा करने से परहेज करने की सलाह दी गई।
जीआरपी कर्मियों ने यात्रियों को बताया कि सफर के दौरान किसी तरह की परेशानी, चोरी या आपात स्थिति उत्पन्न होने पर रेल सहायता नंबर 139 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिकायत मिलने के बाद यात्रियों को अगले स्टेशन पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाती है। यात्रियों से अपील की गई कि वे अनजान लोगों से खाने-पीने की वस्तुएं न लें और अपने मोबाइल, पर्स, आभूषण समेत अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखें। राजस्व के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था की जरुरत। 
हाजीपुर रेल जोन के अंतर्गत आने वाला आरा जंक्शन पटना और दानापुर के बाद महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों में शामिल है। स्टेशन से बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है और रेलवे को भी यहां से अच्छा राजस्व प्राप्त होता है। इसके बावजूद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं।
यात्रियों के बीच चर्चा है कि स्टेशन और ट्रेनों में आए दिन चोरी और छिनतई की घटनाएं सामने आती रहती हैं। खासकर महिला यात्रियों और छोटे बच्चों के गले से आभूषण निकालने जैसी घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। ऐसे में यात्रियों को जागरूक करने के साथ-साथ स्टेशन परिसर और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने, निगरानी बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट