Date: 12/10/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र में नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 88 लीटर शराब बरामद

8/3/2026 2:01:50 PM IST

100
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध और नकली शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी अभियान के तहत एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा में छापेमारी कर नकली विदेशी शराब बनाने वाली एक मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया। उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध रूप से नकली विदेशी शराब तैयार कर बाजार में सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर सहायक आयुक्त, उत्पाद के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बिट्टू कुमार महतो के अर्धनिर्मित मकान से करीब 88 लीटर तैयार नकली विदेशी शराब बरामद की गई। इनमें लगभग 70 लीटर रंगीन नकली शराब तथा दो कार्टन में पैक करीब 18 लीटर बोतलबंद नकली विदेशी शराब शामिल है।छापेमारी के दौरान टीम ने शराब निर्माण और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री भी जब्त की। इनमें विभिन्न ब्रांड के सीलिंग कॉर्क, बोतलों के ढक्कन, फ्रंट और रियर लेबल, शराब को रंग और फ्लेवर देने के लिए इस्तेमाल होने वाला कैरामेल तथा नकली शराब तैयार करने में प्रयुक्त अन्य सामग्री शामिल है। उत्पाद विभाग के अनुसार, यह फैक्ट्री नकली विदेशी शराब तैयार कर उसे नामी ब्रांड की बोतलों में पैक कर बाजार में बेचने की तैयारी कर रही थी। मामले में संकोसाई रोड नंबर-1 स्थित रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी बिट्टू कुमार महतो के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उत्पाद विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने लोगों से अपील की है कि नकली शराब से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर जनस्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

 
 जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए शिवम मिश्रा की रिपोर्ट