Date: 05/08/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 केशवपुर पेट्रोल पंप के पास सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत,पुलिस जांच में जुटी

8/5/2026 2:19:55 PM IST

19
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

आरा: भोजपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गई। यह हादसा उदवंतनगर थाना क्षेत्र के केशवपुर पेट्रोल पंप के समीप हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान उदवंतनगर निवासी अशोक सिंह (42 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह अपने गांव उदवंतनगर से बाइक पर सवार होकर अपनी ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान केशवपुर पेट्रोल पंप के पास वह सड़क हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी बेबी सिंह, मां मीरा देवी और कक्षा नौवीं में पढ़ने वाली बेटी माही को छोड़ गए हैं। परिजनों के अनुसार, अशोक सिंह सासाराम में बीसी हेल्थ (BC Health) से जुड़े कार्य करते थे। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। फिलहाल, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

आरा से कोयलनचाल लाइव के लिए आसुतोष पांडेय की रिपोर्ट