Date: 19/09/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गांव में नवनिर्मित प्रवेश द्वार पर गांव का नाम लिखने को लेकर  विवाद,मारपीट से कई लोग घायल,पुलिस मौके पर पहुची.....

9/19/2026 12:04:19 PM IST

27
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Gaya : गया जिले के वजीरगंज सहिया पंचायत के बैरिया गांव में नवनिर्मित प्रवेश द्वार पर गांव का नाम लिखने को लेकर शुरू हुआ विवाद शनिवार को एक बार फिर तनाव और मारपीट तक पहुंच गया। बैरिया और लखौवां गांव के ग्रामीणों के बीच हुए विवाद में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को इलाज के लिए वजीरगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजे जाने की बात कही जा रही है, हालांकि घायलों की संख्या और चोटों की गंभीरता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बताया जा रहा है कि गया-राजगीर NH-82 के समीप बने गेट पर “मुरारी यादव प्रवेश द्वार, आदर्श ग्राम लखौवां” लिखा गया था। गेट बैरिया गांव के प्रवेश क्षेत्र में होने का हवाला देते हुए ग्रामीणों ने इस पर आपत्ति जताई थी। विवाद बढ़ने के बाद वजीरगंज अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी की मौजूदगी में गेट से विवादित नाम हटवा दिया गया था।
शनिवार सुबह लखौवां के कुछ ग्रामीण दोबारा नाम लिखने पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद मारपीट की स्थिति बन गई। बैरिया पक्ष ने डायल 112 के सामने मारपीट का आरोप लगाया है। हालांकि, आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना के बाद वजीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो भी प्रसारित होने की बात कही जा रही है, लेकिन उसकी सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
 
गया से कोयलांचल लाइव की लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट