Date: 27/09/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

एंटी क्राइम चेकिंग में पकड़े गए में 20 वाहन, सिटी सेंटर और बैंक मोड़ में विशेष अभियान,ट्रैफ़िक डीएसपी ने संभाला मोर्चा 

9/26/2026 11:35:24 PM IST

52
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad: धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देशानुसार शनिवार को देर रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष एंटी क्राइम चेकिंग चलाया गया। अपराध नियंत्रण, असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के उद्देश्य से पुलिस की अलग-अलग टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया।
 
अभियान के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई। यहां आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की गई तथा वाहन सवार लोगों की पहचान का सत्यापन किया गया। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कई स्थानों पर राहगीरों और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी भी ली गई।
 
सड़क किनारे अड्डाबाजी करने वालों तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने विशेष कार्रवाई की। पुलिस टीमों ने विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर फरार एवं वांछित अपराधियों की तलाश की। साथ ही अवैध शराब, जुआ और लॉटरी जैसे अवैध धंधों के खिलाफ भी अभियान चलाया गया।
 
वही ट्रैफिक डीएसपी  रोहित साव के नेतृत्व में सिटी सेंटर ,बैंक मोड़ के अलावे विभिन्न प्रमुख इलाकों में वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। जांच के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने के आरोप में कार्रवाई करते हुए 20 वाहनों को जब्त कर थाना लाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों और असामाजिक तत्वों के बीच हड़कंप की स्थिति रही।
 
एसएसपी  प्रभात कुमार ने बताया कि अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। संदिग्ध गतिविधियों, नशे में वाहन चलाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई आगे भी की जाएगी।
 
संजाना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क