Date: 19/11/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच भीषण टक्कर, हवा में उछलकर सड़क पर गिरे दो युवक

11/17/2026 6:47:52 PM IST

34
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। परसुडीह के चांदनी चौक के पास तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच ऐसी जोरदार भिड़ंत हुई कि बाइक सवार दोनों युवक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे की तस्वीरें इतनी चौंकाने वाली हैं कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो जाएं। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार चालक की तलाश में जुटी है। तस्वीरों में देखिए सड़क पर दौड़ती तेज रफ्तार कार और सामने से आती बाइक के बीच किस तरह जोरदार टक्कर होती है। घटना परसुडीह थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के पास की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार कार तेज रफ्तार में आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार दोनों युवक उछलकर कई मीटर दूर सड़क पर गिर पड़े। अचानक हुई इस दुर्घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सड़क पर घायल पड़े दोनों युवकों को देखकर लोगों ने तत्काल मदद शुरू की। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। वहीं दुर्घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। इस हादसे की सबसे अहम बात यह है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी तस्वीरों के आधार पर दुर्घटना में शामिल कार और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। हालांकि हादसे के बाद कार चालक मौके पर रुका या वहां से फरार हुआ, इसे लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। इस घटना ने एक बार फिर शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही किस तरह बड़े हादसे की वजह बन सकती है, इसकी तस्वीर परसुडीह के चांदनी चौक से सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट |