Date: 19/11/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

एक महीने से लापता अनूप का गोलमारा जंगल में मिला शव! पेड़ से लटका मिला कंकाल, कपड़े और कड़े से हुई पहचान!

11/18/2026 5:46:43 PM IST

19
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोलमारा जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव काफी पुराना होने के कारण बुरी तरह सड़ चुका था। शरीर का कमर के नीचे का हिस्सा भी गायब था। परिजनों ने कपड़े, चप्पल, सिर के बाल और हाथ में पहने कड़े के आधार पर शव की पहचान गोलमारा निवासी अनूप कुमार सिंह के रूप में की है। जानकारी के अनुसार, अनूप कुमार सिंह 31 अक्टूबर 2026 की दोपहर करीब 12 बजे से लापता थे। वह एक मोबाइल सिम कंपनी में काम करते थे। उनके लापता होने के बाद परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। इस संबंध में थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। बताया जा रहा है कि अनूप के ऊपर कर्ज भी था। स्थानीय लोगों के अनुसार, उन्होंने लोन लिया हुआ था। हालांकि, कर्ज का उनकी मौत से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। जंगल में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने देखा कि शव पूरी तरह सड़ चुका था और शरीर के केवल ऊपरी हिस्से का कंकाल बचा था। कमर के नीचे का हिस्सा गायब था। आशंका जताई जा रही है कि शव काफी दिनों तक जंगल में रहने के कारण जंगली जानवरों ने शरीर के निचले हिस्से को खा लिया होगा। पुलिस ने बताया कि शव की पहचान परिजनों ने कपड़े, चप्पल, बाल और हाथ में पहने कड़े के आधार पर की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
 
 

संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क