Date: 07/05/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जल जमाव से परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा ,ग्रामीणों ने सड़क जाम कर घंटो काटा बवाल 

5/7/2026 3:07:00 PM IST

6
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Jahanabad : जहानाबाद से शकूराबाद को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर पिंजौर गांव के पास ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। वर्षों से जलजमाव की समस्या से परेशान लोगों ने सड़क जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। करीब तीन घंटे तक सड़क पूरी तरह बाधित रही, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य सड़क से गांव को जोड़ने वाली यह एकमात्र सड़क है, जहां नाली का गंदा पानी हमेशा जमा रहता है। सड़क पर जलजमाव के कारण लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। आसपास के कई गांवों के हजारों लोग इसी रास्ते से रोजाना आवागमन करते हैं। प्रदर्शन के दौरान कई ग्रामीण अपनी पीड़ा बताते-बताते भावुक हो गए। कुछ लोगों की आंखों से आंसू निकल पड़े। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वे कई बार अधिकारियों और बीडीओ को आवेदन दे चुके हैं, लेकिन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया गया। ग्रामीणों का कहना था कि कई बार अधिकारियों ने उनके आवेदन को नजरअंदाज कर दिया। लोगों ने कहा कि वर्षों से परेशानी झेलते-झेलते अब हालात ऐसे हो गए हैं कि अपनी स्थिति देखकर रोना आ जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क के किनारे स्कूल भी है, जिससे छोटे-छोटे बच्चों को रोज भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बच्चे गंदे पानी में गिरकर घायल भी हो चुके हैं।लोगों ने बताया कि जलजमाव के कारण इलाके में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बीमारियों का खतरा लगातार बना रहता है। ग्रामीणों ने कहा कि कुछ महीने पहले नाली निर्माण का काम शुरू होने का आश्वासन मिला था। थोड़ी बहुत प्रक्रिया शुरू भी हुई, लेकिन बाद में काम बंद कर दिया गया। हाल की बारिश के बाद स्थिति और भयावह हो गई, जिसके बाद लोगों को सड़क पर उतरना पड़ा। सड़क जाम की सूचना मिलने पर जहानाबाद बीडीओ अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि तत्काल राहत के लिए पाइप डालकर पानी निकासी की व्यवस्था शुरू की जा रही है। साथ ही संबंधित इंजीनियरों द्वारा स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट पटना भेजी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही स्थायी नाली निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। वहीं जहानाबाद सीओ स्नेहा सत्यम ने बताया कि प्रशासन ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से ले रहा है।उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि जल्द ही नाली निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। करीब तीन घंटे तक सड़क बाधित रहने के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। जाम में फंसे स्कूली बच्चों ने भी अपनी परेशानी बताई। बच्चों ने कहा कि वे लंबे समय तक सड़क पर फंसे रहे, जिससे उन्हें भूख-प्यास का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि अगर प्रशासन समय रहते समस्या का समाधान कर देता, तो उन्हें सड़क जाम करने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता।

जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट