Date: 26/09/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

  रेलवे साइडिंग से हो रहा प्रदुषण, जाँच करने पहुँचे पदाधिकारी
 

5/15/2026 2:47:35 PM IST

100
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जमशेदपुर: पोटका के हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग के प्रदूषण के जांच करने पहुँचे पदाधिकारी। पोटका के हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग से हो रही लोडिंग-अनलोडिंग एवं ओवरलोडिंग परिवहन के कारण क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण को लेकर पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने प्रदूषण विभाग से लेकर एनजीटी तक पत्र भेजकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के बाद प्रदूषण विभाग की टीम ने रेलवे साइडिंग पहुंचकर जांच की। मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने पत्र में कहा था कि हाता-ओड़िशा मुख्य मार्ग से प्रतिदिन हजारों स्कूली बच्चों एवं यात्रियों का आवागमन होता है, लेकिन रेलवे साइडिंग के ठेकेदार द्वारा प्रदूषण नियंत्रण के नियमों की अनदेखी की जा रही है। इससे क्षेत्र में धूलकण तेजी से फैल रहे हैं और लोग विभिन्न बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। जांच के दौरान प्रदूषण विभाग के कनीय अभियंता मोहम्मद आफताब आलम ने रेलवे साइडिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदार को नियमित जल छिड़काव करने, स्टॉक प्वाइंट को तिरपाल से ढकने, बाउंड्री वॉल निर्माण कराने तथा ओवरलोडिंग रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। वहीं मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने कहा कि पिछले पांच वर्षों से रेलवे साइडिंग से फैल रहे प्रदूषण के कारण लोगों का घर के बाहर सोना, कपड़े सुखाना और यहां तक कि बाहर उगाई गई सब्जियों का सेवन करना भी मुश्किल हो गया है। 
 
कोयलांचल लाइव के लिए जमशेदपुर से बिनोद केसरी की रिपोर्ट