Date: 19/05/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के तहत सहयोग शिविर में बोले  असनी पंचायत के लोग 

5/19/2026 5:32:51 PM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara  : भोजपुर जिला के उदवंतनगर प्रखंड अंतर्गत असनी पंचायत में मंगलवार को “सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण तथा युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री सह भोजपुर जिला के प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुँ​चकर अपनी समस्याओं के समाधान हेतु आवेदन दिया। मंत्री ने जनता से संवाद करते हुए आश्वस्त किया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता की शिकायतों के त्वरित निवारण और योजनाओं के लाभ को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर भोजपुर के जिला पदाधिकारी  तनय सुल्तानिया ने बताया कि जिले में अब तक लगभग 4000 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिकाधिक संख्या में सहयोग शिविरों का लाभ उठाएँ। डीएम श्री सुल्तानिया ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का शीघ्र डिजिटाइजेशन कर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। भूमि विवादों के समाधान हेतु अंचलाधिकारी एवं थाना की संयुक्त टीम भी शिविर में मौजूद रही, जहाँ शिकायतों को सुनकर आवश्यक कार्रवाई की गई। शिविर के दौरान लाभुकों के बीच श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वास पर्चा, राशन कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित स्वीकृति पत्र एवं लाभ संबंधी दस्तावेजों का वितरण किया गया। सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुँचाने और उनकी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से आयोजित यह शिविर सफल रहा तथा स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट